लखनऊ.समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) के सांसद आजम खान (Azam Khan) की बहन निखहत अफलाक को नगर निगम (Nagar Nigam) की रिवर बैंक कॉलोनी में आवंटित बंगला अब खाली करना होगा। किराए पर दिए गए बंगले का आवंटन निरस्त कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि यह बंगला उन्हें गलत तरीके से करीब 13 साल पहले आवंटित किया गया था, जिसका किराया महज एक हजार रुपए था।
वह रामपुर के सरकारी स्कूल में शिक्षिका थीं और रिटायर होने के बाद वहीं पर बस गईं। हालांकि वर्तमान में वहां कोई नहीं रहता। आवंटन निरस्त होने के बाद नगर आयुक्त के आदेश पर नगर निगम के रेंट प्रभारी की ओर से निखहत अफलाक को 15 दिन में बंगला खाली करने का नोटिस भी जारी कर दिया गया है।
कहा जा रहा है कि सपा सांसद आजम खां की धुर विरोधी एक नेता के निजी सचिव की शिकायत के बाद शासन द्वारा आदेश जारी करने पर नगर निगम ने कार्रवाई की। नगर निगम की पॉश रिवर बैंक कॉलोनी में निखत अफलाक को साल 2007 में एक आलीशान बंगला नंबर ए-२/१ आवंटित किया गया था।
यह करीब छह हजार वर्ग फीट में फैला है। शासन ने कहा कि निखत अफलाक को जब बंगला आवंटित किया गया था तो वह किसी सरकारी सेवा में नहीं थीं और न ही लखनऊ में कार्यरत थीं। ऐसे में जो आवंटन किया गया वो गलत था। बंगले का आवंटन जांच कर निरस्त किया जाए।